मॉडल विद्यालय खगौर पहुंचे डीएम, शिक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का लिया जायजा

  • Post By Admin on May 23 2026
मॉडल विद्यालय खगौर पहुंचे डीएम, शिक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का लिया जायजा

Lलखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शनिवार को लखीसराय जिले के मॉडल विद्यालय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय खगौर का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आधुनिक शिक्षण पद्धति, अनुशासन और विद्यालय संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान “उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य” एवं “सात निश्चय-3” कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में किए जा रहे कार्यों पर विशेष चर्चा की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने बताया कि अधिकांश मॉडल विद्यालयों में कक्षा 9 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा प्रवेश परीक्षा के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर छात्रों का चयन किया गया है। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों को मॉडल विद्यालय के अनुरूप कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर मेंटरिंग, साफ-सफाई, सॉफ्ट स्किल और अच्छे व्यवहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अन्य विद्यालयों की तुलना में मॉडल विद्यालयों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर के बाहर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को रुचिकर एवं व्यावहारिक तरीके से पढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं में सीखने की उत्सुकता बढ़ेगी और वे आधुनिक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।