राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, सेना ने शुरू किया ऑपरेशन शेरवाली

  • Post By Admin on May 23 2026
राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, सेना ने शुरू किया ऑपरेशन शेरवाली

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार जिले के मुगलान इलाके में तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों की ओर से गोलीबारी की गई, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

सुरक्षाबलों ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन शेरवाली’ नाम दिया है। फिलहाल सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही है। घने जंगलों वाले क्षेत्र में आतंकियों की तलाश जारी है। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सामाजिक माध्यम एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस और सीआरपीएफ के साथ खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया था। इसी दौरान राजौरी के मुगलान क्षेत्र में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ। सेना ने तुरंत संयमित और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस को सूचना मिली थी कि डोरीमाल के जंगलों में दो से तीन आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि आतंकवादी घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।