पीएम मोदी की अपील से सर्राफा बाजार में हलचल, पीएमओ से मिलेंगे कारोबारी
- Post By Admin on May 11 2026
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद देश के सर्राफा और आभूषण कारोबार में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि आभूषण कारोबारियों के संगठनों ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अधिकारियों से मुलाकात के लिए समय मांगा है और मंगलवार को बैठक होने की संभावना है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए लोगों से देशहित में एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सोने के आयात पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है और वर्तमान परिस्थितियों में विदेशी मुद्रा बचाना जरूरी है।प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि पहले संकट और युद्ध के समय लोग देशहित में सोना दान करते थे, लेकिन अब दान की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पारिवारिक कार्यक्रम होने के बावजूद एक वर्ष तक सोने की खरीदारी से बचें।
प्रधानमंत्री की इस अपील का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। सोमवार को Titan Company और Kalyan Jewellers के शेयरों में करीब 8 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं Senco Gold सहित अन्य आभूषण कंपनियों के शेयरों में भी 10 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। थंगामयिल ज्वैलरी के शेयर भी करीब 5 प्रतिशत नीचे आए। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के सचिव सुरेंद्र मेहता ने बताया कि सीमा शुल्क विभाग द्वारा सोने पर 3 प्रतिशत एकीकृत जीएसटी की मांग के बाद बैंकों ने सोने की खेप रोक दी है, जिससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
गौरतलब है कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता देश है। वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारत ने औसतन 60 टन प्रति माह सोने का आयात किया, जिसकी मासिक लागत लगभग 6 अरब डॉलर यानी करीब 57 हजार करोड़ रुपए रही।