जनता से त्याग की अपील सरकार की विफलता का संकेत : राहुल गांधी

  • Post By Admin on May 11 2026
जनता से त्याग की अपील सरकार की विफलता का संकेत : राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आर्थिक नीतियों को लेकर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नीतिगत और आर्थिक विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि हाल के दिनों में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनता से सोना कम खरीदने, विदेश यात्राएं घटाने, पेट्रोल का कम उपयोग करने, उर्वरक और खाद्य तेल की खपत सीमित करने, मेट्रो से यात्रा करने और घर से काम करने जैसी अपीलें की गई हैं। उन्होंने इन सुझावों को सरकार की असफल नीतियों का संकेत बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह केवल सलाह नहीं, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि 12 वर्षों में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां अब लोगों को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, कितना खर्च करना है और कहां जाना है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर आर्थिक संकट और समस्या की जिम्मेदारी सरकार आम लोगों पर डाल देती है, ताकि खुद जवाबदेही से बच सके। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व और जवाबदेह शासन की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि देश चलाना अब “समझौता करने वाले प्रधानमंत्री” के बस की बात नहीं रह गई है। राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रिया तेज हो गई है।