चीन के निमंत्रण पर बीजिंग जाएंगे ट्रंप, द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा
- Post By Admin on May 11 2026
बीजिंग : ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह चीन की महत्वपूर्ण यात्रा पर जाएंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 13 मई से 15 मई तक चीन के राजकीय दौरे पर रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, ट्रंप को यह यात्रा मार्च के अंत अथवा अप्रैल की शुरुआत में करनी थी, लेकिन ईरान युद्ध की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करने के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई थी। अमेरिका में सत्ता में वापसी के बाद ट्रंप की यह पहली चीन यात्रा होगी, जिसे दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान ट्रंप का औपचारिक स्वागत किया जाएगा तथा राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके अलावा चीनी राष्ट्रपति की ओर से ट्रंप के सम्मान में राजकीय भोज का भी आयोजन किया जाएगा। ट्रंप बीजिंग स्थित ऐतिहासिक “तियानतान” यानी स्वर्ग मंदिर का भी भ्रमण करेंगे।
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार शुल्क, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ताइवान मुद्दा तथा महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर पहले से तनाव बना हुआ है। माना जा रहा है कि इस यात्रा के जरिए दोनों देश आपसी संबंधों को स्थिर करने और विभिन्न विवादित मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि ईरान का मुद्दा ट्रंप के एजेंडे में प्रमुख रूप से शामिल रहेगा। गौरतलब है कि चीन, ईरानी तेल का एक बड़ा खरीदार माना जाता है। विशेष रूप से चीन की स्वतंत्र तेल शोधक इकाइयां रियायती दरों पर ईरानी कच्चे तेल पर काफी हद तक निर्भर हैं।