पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को वोकल फॉर लोकल से जोड़ा, कहा- देश में बनी चीजों को दें प्राथमिकता

  • Post By Admin on May 25 2025
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को वोकल फॉर लोकल से जोड़ा, कहा- देश में बनी चीजों को दें प्राथमिकता

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 122वें एपिसोड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उल्लेख करते हुए इसे देश की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत में बने हथियारों, उपकरणों और टेक्नोलॉजी की ताकत को दर्शाता है और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को और मजबूती देता है।

पीएम मोदी ने कहा, “हमारे इंजीनियरों और तकनीशियनों के परिश्रम की वजह से ही यह विजय संभव हो सकी है। इसके बाद पूरे देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर एक नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। अब माता-पिता अपने बच्चों के लिए केवल भारत में बने खिलौने खरीदने का संकल्प ले रहे हैं। कई परिवार अब अपनी छुट्टियाँ देश के ही किसी पर्यटन स्थल पर बिताने का निर्णय कर रहे हैं। कुछ युवाओं ने ‘वेड इन इंडिया’ का संकल्प लिया है और अब लोग भारतीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित उपहार देना पसंद कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने इसे जन-भागीदारी की सच्ची मिसाल बताते हुए कहा, “जन-मन का जुड़ाव ही भारत की असली ताकत है। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जहां भी संभव हो, भारत में बनी चीजों को प्राथमिकता दें। यह केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता की बात नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का भाव है।”

आतंकवाद के खिलाफ देश के एकजुट रुख की भी प्रधानमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया, उसने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। शुद्धता और सटीकता के साथ हमारे जवानों ने सीमा पार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है, जो अद्भुत है। आज हर भारतीय आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और संकल्पबद्ध है।”

पीएम मोदी के संबोधन ने न केवल ‘मन की बात’ में देशवासियों को प्रेरित किया, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ आंदोलन को जन-आंदोलन में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।