पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, हेमंत सोरेन से बात कर व्यक्त की संवेदना

  • Post By Admin on Aug 04 2025
पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, हेमंत सोरेन से बात कर व्यक्त की संवेदना

नई दिल्ली : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में सोमवार को उनका निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत कर संवेदना प्रकट की। पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा,

"शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे जिन्होंने जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण दिखाया। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहे। उनके निधन से गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं।"

शिबू सोरेन की मृत्यु की खबर सामने आते ही झारखंड समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। सभी दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
दिशोम गुरु के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता की लड़ाई को समर्पित रहा। झारखंड राज्य के गठन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही।

राजनीतिक संघर्ष का लंबा सफर
11 जनवरी 1944 को बिहार के हजारीबाग जिले में जन्मे शिबू सोरेन ने शुरुआती दौर से ही आदिवासी शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की। 1977 में उन्होंने पहली बार चुनावी राजनीति में कदम रखा, हालांकि हार का सामना करना पड़ा। 1980 से लेकर कई बार वे लोकसभा सांसद चुने गए।

वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने—2005, 2008 और 2009 में—हालांकि किसी भी बार वे अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। बावजूद इसके, उनका कद एक जननायक और झारखंड आंदोलन के पुरोधा के रूप में अडिग रहा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक के रूप में शिबू सोरेन ने हजारों युवाओं को राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन से जोड़ा और झारखंड को एक अलग राज्य का दर्जा दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उनके निधन को झारखंड की राजनीति के एक युग का अंत माना जा रहा है। राज्य सरकार ने उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की है।