प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को 73वें जन्मदिन की दी बधाई
- Post By Admin on Oct 07 2025
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी और दोनों देशों के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से टेलीफोन पर बात की और उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सभी प्रयासों में सफलता की कामना की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस के द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर चर्चा की और विभिन्न वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि वे आगामी 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। वहीं, राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 सितंबर को राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी थी, जिसके जवाब में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आभार जताते हुए कहा था कि भारत और रूस अपनी “विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
व्लादिमीर पुतिन का जन्म 7 अक्टूबर 1952 को लेनिनग्राद (अब सेंट पीटर्सबर्ग) में हुआ था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी की घेराबंदी झेल चुके इस शहर की कठिन परिस्थितियों ने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया था। पुतिन के पिता व्लादिमीर स्पिरिडोनोविच पुतिन और मां मारिया इवानोव्ना शेलोमोवा ने भी उस दौर की त्रासदी को झेला था।
भारत और रूस के बीच दशकों पुरानी रणनीतिक साझेदारी ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष और व्यापार जैसे क्षेत्रों में निरंतर मजबूत हो रही है, और दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह संवाद इसे और नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकेत देता है।