नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को टेलीफोन पर बातचीत कर द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया संकट और गाजा की स्थिति पर गहन चर्चा की।

राष्ट्रपति मैक्रों ने वॉशिंगटन में हाल ही में हुई अंतरराष्ट्रीय बैठकों का अनुभव साझा करते हुए संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में शांति की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ओर से शांति बहाली और स्थिरता कायम करने के प्रयासों के प्रति निरंतर समर्थन दोहराया।

वार्ता में दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, नागरिक परमाणु सहयोग, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा क्षेत्रों में हो रही प्रगति की समीक्षा की। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताते हुए दोनों देशों ने वर्ष 2026 को "इनोवेशन का वर्ष" के रूप में मनाने का निर्णय किया।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द पूरा करने का भी समर्थन किया। दोनों नेताओं ने आपसी संपर्क और संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान भी पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की मुलाकात हुई थी। वहीं, अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद फ्रांस ने भारत के प्रति एकजुटता जताते हुए आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।