लगातार चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, बिहार में रिकॉर्ड स्तर पर कीमतें

  • Post By Admin on May 25 2026
लगातार चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, बिहार में रिकॉर्ड स्तर पर कीमतें

नई दिल्ली : देशभर में सोमवार, 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वैश्विक बाजार में जारी उथल-पुथल के बीच पेट्रोल औसतन 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है और परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक पर असर पड़ने लगा है।

पिछले 11 दिनों में ईंधन की कीमतों में कुल 7.5 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। इसके बाद 19 मई और 23 मई को 90-90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई, जबकि 25 मई को चौथी बार कीमतों में इजाफा किया गया।

ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। बिहार के कई शहरों में पेट्रोल 114 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। गया में पेट्रोल 114.40 रुपए, मुजफ्फरपुर में 114.31 रुपए और भागलपुर में 114.14 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया।

डीजल की कीमतों में भी भारी तेजी देखने को मिली है। दिल्ली में डीजल अब 95.20 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 97.83 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। बिहार के कई शहरों में डीजल 100 रुपए प्रति लीटर के करीब या उससे ऊपर बिक रहा है। गया में डीजल 100.35 रुपए, मुजफ्फरपुर में 100.24 रुपए और भागलपुर में 100.08 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया।

लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर परिवहन खर्च, खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव की स्थिति के कारण आने वाले दिनों में भी राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है।