बिहार में पूर्व सांसद के आवास पर रेड, नकली और नशीली दवाओं का जखीरा बरामद

  • Post By Admin on May 25 2026
बिहार में पूर्व सांसद के आवास पर रेड, नकली और नशीली दवाओं का जखीरा बरामद

गया : बिहार के गया जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाएं बरामद की हैं। सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू एरिया पीपरपांती मोहल्ले में पूर्व सांसद रंजीत उर्फ रन सिंह के आवास स्थित परिसर में की गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग मशीनें और कई संदिग्ध सामग्री बरामद होने की सूचना है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक भवन के निचले हिस्से में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि ऊपरी हिस्से के बंद कमरों में अवैध कारोबार चलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम वहां मौजूद सभी दस्तावेजों और बरामद सामग्री की जांच में जुटी हुई है।

छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है, हालांकि उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मौके पर कई थानों की पुलिस और ड्रग विभाग के अधिकारी मौजूद हैं तथा पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों द्वारा बरामद दवाओं और अन्य सामग्री की जांच कराई जा रही है। पुलिस और ड्रग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले में जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर नकली और नशीली दवाओं के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*