समाजसेवी बबली कुमारी को मिला बड़ा दायित्व, बिहार प्रोग्रेसिव एनजीओ क्लब की अध्यक्ष निर्वाचित
- Post By Admin on May 25 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार प्रोग्रेसिव एनजीओ क्लब की अध्यक्ष चुने जाने पर मुजफ्फरपुर की सुप्रसिद्ध समाजसेवी बबली कुमारी को सोमवार को सम्मानित किया गया। सरैयागंज स्थित कार्यक्रम में सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह एवं “लीचीया लाले लाल” लीची गीत संग्रह पुस्तक भेंट कर सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर बबली कुमारी ने बताया कि उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक में सर्वसम्मति से बिहार प्रोग्रेसिव एनजीओ क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें बबली कुमारी को अध्यक्ष, विक्रम जयनारायण निषाद को उपाध्यक्ष, मोहम्मद हसीब को महासचिव, धुरेन्धर राय को सचिव तथा पवन कुमार पाठक को कोषाध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने कहा कि बिहार प्रोग्रेसिव एनजीओ क्लब “सुखी समाज, सशक्त महिलाएं और विकसित देश” के संकल्प के साथ कार्य करेगा। क्लब के माध्यम से बिहार के सभी जिलों में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सिलाई, बुनाई एवं कशीदाकारी केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा युवाओं को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के लिए कंप्यूटर ट्रेनिंग कार्यक्रम चलाए जाएंगे। किसानों की सहायता और कृषि विकास के लिए एफपीओ के गठन की भी योजना बनाई गई है। सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने हेतु नुक्कड़ नाटक, पपेट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्था द्वारा बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और विभिन्न प्रखंडों में लघु उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई। साथ ही निर्धन एवं बेसहारा बच्चों के लिए शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्र तथा बेसहारा लड़कियों की शादी और गरीब एवं लावारिस लोगों के अंतिम संस्कार में सहयोग की भी योजना है।
कार्यक्रम में परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर, पथ परिवर्तन के विक्रम जयनारायण निषाद और समसी युवा विकास मंच के मोहम्मद हसीब ने बबली कुमारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर डॉ. बेनू वर्तिका, पूनम गुप्ता, अनिता शाही, अजय मनोज सिंह एवं मकबूल अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।