कोलकाता में लज्जा थीम पर बना पंडाल, इंदौर में लव जिहाद के आरोप पर गरबा आयोजन रद्द

  • Post By Admin on Oct 03 2024
कोलकाता में लज्जा थीम पर बना पंडाल, इंदौर में लव जिहाद के आरोप पर गरबा आयोजन रद्द

नई दिल्ली : गुरुवार से शक्ति उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र शुरू हो गया है। एक तरफ जहाँ पूरे देश में लोग भक्ति और पूजा-पाठ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ जगहों से विरोध-प्रदर्शन, गरबा आयोजन बंद करवाने और विवादित बयानबाजी के मामले भी सामने आए हैं।

बीते दिनों पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप-मर्डर थीम पर कई दुर्गा पूजा पंडाल बने हैं। इनमें 'लज्जा' थीम पर बनी एक प्रतिमा ने सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित किया है। इसमें मां दुर्गा ने अपना चेहरा अपनी हाथों से ढक रखा है। उनके नीचे विक्टिम को दर्शाते हुए एक युवती की मूर्ति रखी है। देवी के ठीक बगल में डॉक्टर का एप्रन लटका हुआ है।

वहीं दो महीने बाद भी मामला शांत नहीं हुआ हैI इस मामले में बीते दिनों सिलीगुड़ी के नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सभी विद्यार्थियों ने दुष्कर्म और हत्या के विरोध में मशाल जुलूस निकाला और दुर्गा पूजा पंडाल के माध्यम से भी 'लज्जा' थीम पर शांतिपूर्ण विरोध दर्शायाI

साथ ही मध्य प्रदेश के भोपाल में संस्कृत बचाओ मंच ने हर गरबा पंडाल में भगवान विष्णु के वराह अवतार की पूजा और पंचगव्य छिड़कने के बाद ही लोगों को एंट्री देने की मांग की है। इंदौर में बजरंग दल की शिकायत के बाद मूर्ति स्थापना और गरबा आयोजन रद्द हो गया। बजरंग दल ने आयोजकों पर लव जिहाद फैलाने का आरोप लगाया था।