आतंकी भस्मासुरों को नहीं छोड़ेगा भारत : तरुण चुग
- Post By Admin on May 14 2025
.jpg)
नई दिल्ली : राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पण और देशभक्ति का जज्बा लेकर राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ से इंडिया गेट तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। 'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक' के बैनर तले आयोजित इस यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली कैबिनेट के समस्त मंत्री भी मौजूद रहे। तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना।
भारत का नया रुख: आतंक के खिलाफ सख्त कार्यवाई
तरुण चुग ने तिरंगा यात्रा के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि भारत अब बदल चुका है। उन्होंने कहा कि आज का भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन आतंकवाद के पूर्ण विनाश के लिए किसी भी सीमा तक जाने को तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आक्रामक रणनीति को रेखांकित करते हुए कहा कि अब भारत किसी भी प्रकार की परमाणु धमकी को सहन नहीं करेगा।
'टेरर और टॉक साथ नहीं चल सकते'
चुग ने कहा कि आतंकवाद और वार्ता साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद के नाम पर व्यापार का पाखंड अब बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि जब-जब खून बहेगा, पानी का रास्ता बंद होगा। चुग ने 'ऑपरेशन सिन्दूर' को लेकर कहा कि यह केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि न्याय और राष्ट्रसम्मान की अखंड प्रतिज्ञा है।
'ऑपरेशन सिन्दूर' की चेतावनी: पाकिस्तान को मिलेगा करारा जवाब
तरुण चुग ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर स्थगित है लेकिन समाप्त नहीं। पाकिस्तान के साथ अब सिर्फ पीओके और आतंक के विनाश पर ही बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज़बुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों के अड्डों को ध्वस्त कर दिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकल्प
चुग ने कहा कि भारत अब आतंकी भस्मासुरों को नहीं छोड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा नीति स्पष्ट है - जब-जब आतंक का हमला होगा, भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा। तिरंगा यात्रा के जरिए जनता ने भी यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर पूरा देश एकजुट है।