बच्चों के व्हाट्सऐप अकाउंट पर होगी माता-पिता की निगरानी, कंपनी ला रही नया फीचर

  • Post By Admin on Mar 12 2026
बच्चों के व्हाट्सऐप अकाउंट पर होगी माता-पिता की निगरानी, कंपनी ला रही नया फीचर

नई दिल्ली : बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp जल्द ही एक नया फीचर शुरू करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट’ नामक सुविधा पर काम कर रही है, जिसके जरिए 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के खातों पर उनके माता-पिता का नियंत्रण रहेगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार यह प्रणाली विशेष रूप से छोटे बच्चों के लिए तैयार की जा रही है। इसके तहत बच्चों का व्हाट्सऐप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से जुड़ा रहेगा, जिससे अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे और उनकी डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएंगे।

नए फीचर के लागू होने के बाद माता-पिता को कई तरह के नियंत्रण मिलेंगे। वे तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन संदेश भेज सकता है, उसकी कॉन्टैक्ट सूची में किन लोगों को जोड़ा जा सकता है और उसे किन समूहों में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को अनजान लोगों के संपर्क से बचाते हुए सुरक्षित मैसेजिंग वातावरण उपलब्ध कराना है।

रिपोर्ट के मुताबिक बच्चों के खातों पर कुछ प्रतिबंध भी लगाए जाएंगे। उन्हें एप के कुछ उन्नत फीचर्स का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। इनमें स्टेटस अपडेट, चैनल्स और Meta AI से जुड़े फीचर्स शामिल नहीं होंगे।

इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी जोड़े जा सकते हैं। यदि किसी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति से संदेश आता है तो उसे अलग फोल्डर में भेज दिया जाएगा, जिसे माता-पिता देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि आज के दौर में कम उम्र के बच्चे तेजी से स्मार्टफोन और इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं, ऐसे में उनकी ऑनलाइन सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन गई है। ऐसे में Meta के स्वामित्व वाला व्हाट्सऐप यह नया फीचर लाकर अभिभावकों को बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर बेहतर नियंत्रण देने की कोशिश कर रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी और आने वाले महीनों में इसे विभिन्न देशों में उपलब्ध कराया जा सकता है।