समारोह के दौरान फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
- Post By Admin on Mar 12 2026
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। हालांकि इस हमले में वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गुरुवार सुबह अपने पिता से मिलने उनके आवास पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
बताया गया कि बुधवार देर रात जम्मू में आयोजित एक कार्यक्रम में फारूक अब्दुल्ला के साथ जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर करीब पहुंच गया और फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी भी नेता को नहीं लगी। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि “अल्लाह मेहरबान हैं, मेरे पिता बाल-बाल बच गए।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा बल से संरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच गया।
इस घटना की विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कड़ी निंदा की है। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इस हमले की खबर सुनकर वे हैरान हैं, लेकिन यह जानकर राहत है कि फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित हैं। उन्होंने मामले में सुरक्षा चूक की पूरी जांच की मांग की।
वहीं कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए घटना की पारदर्शी जांच की मांग की। पीडीपी नेता वहीद उर रहमान पारा और हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारूक ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
फायरिंग की घटना के बाद श्रीनगर स्थित जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस अभी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमला किस उद्देश्य से किया गया था।