नई दिल्ली : कॉन्ग्रेस पार्टी के नए मुख्यालय के उद्घाटन से पहले ही नामकरण को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कोटला रोड पर बने इस हाई-टेक मुख्यालय के बाहर बुधवार सुबह कुछ पोस्टर देखे गए। जिनमें इसे दिवंगत प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह के नाम पर ‘सरदार मनमोहन सिंह भवन’ रखने की माँग की गई है। हालाँकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं और पार्टी इस पर क्या रुख अपनाएगी।
मनमोहन सिंह की तस्वीर वाले इन पोस्टरों में लिखा गया है कि पार्टी को अपने नए मुख्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर रखना चाहिए। ये पोस्टर मुख्यालय के बाहर लगे बधाई संदेशों के साथ नजर आए, जिससे इस माँग को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कॉन्ग्रेस पार्टी ने नई दिल्ली में मनमोहन सिंह के नाम पर एक स्मारक बनाने की माँग की थी। केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव पर सहमति भी जताई थी, लेकिन अब फैसला कॉन्ग्रेस के हाथ में है कि वह अपने मुख्यालय का नाम मनमोहन सिंह के नाम पर रखेगी या नहीं।
कॉन्ग्रेस का नया मुख्यालय, जिसका मूल नाम ‘इंदिरा भवन’ है 250 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसका निर्माण 2009 में शुरू हुआ था और अब यह पूरी तरह तैयार है। हाई-टेक सुविधाओं से लैस इस भवन का उद्घाटन पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गाँधी करने वाली हैं।
कांग्रेस में पार्टी मुख्यालय के नामकरण की परंपरा पहले भी चर्चा का विषय रही है। राजीव गाँधी के कार्यकाल में जवाहर भवन को मुख्यालय बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन यह योजना सफल नहीं हो सकी।























