मिडिल ईस्ट संकट पर मोदी-ट्रंप की सीधी बातचीत, 40 मिनट चली चर्चा
- Post By Admin on Apr 15 2026
नई दिल्ली : पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता विफल होने के बाद नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच लगभग 40 मिनट तक महत्वपूर्ण टेलीफोनिक बातचीत हुई। इस चर्चा को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच काफी अहम माना जा रहा है।
अमेरिकी पक्ष के अनुसार, ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। बातचीत में ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी, क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच वर्ष 2026 में यह तीसरी बार बातचीत हुई है। इससे पहले 2 फरवरी को व्यापार समझौते और 24 मार्च को पश्चिम एशिया के हालात पर दोनों नेताओं के बीच चर्चा हो चुकी है। मौजूदा संघर्ष के दौरान यह दूसरी बार है जब दोनों ने सीधे संवाद किया।
इससे पूर्व हुई बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने पर जोर देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और खुला रखने की आवश्यकता पर बल दिया था। उन्होंने कहा था कि क्षेत्रीय स्थिरता वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच करीब 21 घंटे तक चली मैराथन वार्ता किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। परमाणु कार्यक्रम, आर्थिक प्रतिबंध और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई।
वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ने ईरान के प्रति सख्त रुख अपनाया है, हालांकि कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक जल्द ही दोनों देशों के बीच वार्ता का दूसरा दौर संभव है।पश्चिम एशिया में जारी इस घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसके प्रभाव वैश्विक अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर पड़ सकते हैं।