नई सरकार, नया नेतृत्व : सम्राट चौधरी ने संभाली बिहार की बागडोर

  • Post By Admin on Apr 15 2026
नई सरकार, नया नेतृत्व : सम्राट चौधरी ने संभाली बिहार की बागडोर

पटना : बिहार की राजनीति में आज एक नया युग शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी ने पटना स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है। यह पहला अवसर है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता राज्य के मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुआ है।

शपथ ग्रहण समारोह भले ही संक्षिप्त रहा, लेकिन इसका राजनीतिक महत्व काफी बड़ा माना जा रहा है। नई सरकार के गठन के साथ ही सत्ता का नया समीकरण सामने आया है। जदयू कोटे से विजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार के इतिहास में यह पहली बार है जब जदयू कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, जिनमें रविशंकर प्रसाद, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और नित्यानंद राय सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए।

इससे पहले सम्राट चौधरी ने अपने नए कार्यकाल की शुरुआत से पूर्व पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने विधि-विधान से दर्शन किए और इसके बाद सीधे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

नई सरकार के गठन के साथ बिहार में राजनीतिक दिशा और नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसे राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।