महाकुंभ 2025: जानें 29 हजार फॉलोअर्स वाले मसानी गोरख बाबा क्यों है चर्चा में

  • Post By Admin on Jan 15 2025
महाकुंभ 2025: जानें 29 हजार फॉलोअर्स वाले मसानी गोरख बाबा क्यों है चर्चा में

प्रयागराज : महाकुंभ मेले में हर ओर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इसी भीड़ में एक अनोखी शख्सियत सबका ध्यान अपनी ओर खींच रही है। यह हैं मसानी गोरख बाबा उर्फ अभय सिंह। हरियाणा के झज्जर जिले के निवासी अभय सिंह ने अपनी शिक्षा और करियर को पीछे छोड़कर आध्यात्मिकता की राह चुनी।

अभय सिंह ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई और शानदार करियर के बावजूद उन्होंने सांसारिक मोह-माया त्यागकर आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का फैसला किया। उनका कहना है कि यह कदम उन्होंने अपने जीवन का अर्थ और मानसिक शांति खोजने के लिए उठाया।

मसानी गोरख बाबा बताते हैं कि उन्होंने दर्शनशास्त्र, सुकरात और प्लेटो जैसे महान विचारकों के कार्यों का गहन अध्ययन किया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि असली ज्ञान आत्मा की गहराई में छिपा है। अगर आप मानसिक शांति और मन को समझना चाहते हैं तो आध्यात्मिकता ही इसका रास्ता है।

मसानी गोरख बाबा भगवान शिव के अनन्य भक्त हैं। उनका कहना है कि सत्य शिव है और शिव ही सुंदर है। विज्ञान और आध्यात्मिकता के बीच गहरा संबंध है और मैं इन्हें एक साथ जोड़ने की कोशिश कर रहा हूं। बाबा के इंस्टाग्राम पर 29,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनके पोस्ट ध्यान, योग और प्राचीन भारतीय ग्रंथों पर आधारित होते हैं जो युवाओं को काफी प्रेरित कर रहे हैं।

उनके आध्यात्मिक यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए जा रहे हैं। कुछ का कहना है कि प्यार में धोखा मिलने के बाद उन्होंने यह राह चुनी। जबकि कुछ इसे बेरोजगारी और अवसाद का परिणाम मानते हैं।हालांकि, उनकी आध्यात्मिक यात्रा के पीछे की असली वजह खुद मसानी गोरख बाबा ही जानते हैं।