होर्मुज से सुरक्षित निकला LNG टैंकर, भारत को ऊर्जा संकट से मिली बड़ी राहत

  • Post By Admin on Apr 29 2026
होर्मुज से सुरक्षित निकला LNG टैंकर, भारत को ऊर्जा संकट से मिली बड़ी राहत

नई दिल्ली : मध्य पूर्व में अमेरिका-ईरान तनाव के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता के माहौल के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) से लदा एक विशाल टैंकर सुरक्षित बाहर निकल आया है, जिससे देश में संभावित ऊर्जा संकट टलने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार ‘मुबाराज़’ नामक यह जहाज, जो संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के दास द्वीप संयंत्र से एलएनजी लेकर निकला था, युद्ध जैसी स्थिति के कारण खाड़ी क्षेत्र में फंस गया था। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि मार्च के अंत तक इस जहाज ने अपने सिग्नल तक बंद कर दिए थे। हालांकि अब यह जहाज भारतीय समुद्री क्षेत्र के पास फिर से दिखाई दिया है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।

ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, यह जहाज फिलहाल चीन की ओर बढ़ रहा है, लेकिन मई के पहले सप्ताह तक इसके भारत पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस घटनाक्रम से यह भी संकेत मिल रहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर तनाव धीरे-धीरे कम हो सकता है। एलएनजी, यानी द्रवीकृत प्राकृतिक गैस, भारत की ऊर्जा आपूर्ति का अहम आधार है। गैस को -162 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा कर तरल रूप में बदला जाता है, जिससे इसे बड़े जहाजों के माध्यम से लंबी दूरी तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। यह सीधे घरेलू उपयोग में भले न आए, लेकिन देश की गैस वितरण प्रणाली को मजबूती प्रदान करती है।

गौरतलब है कि हाल ही में ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने और इसके जवाब में अमेरिका की सख्ती के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई थी। यह मार्ग दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी आपूर्ति का प्रमुख रास्ता माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस टैंकर का सुरक्षित बाहर निकलना न केवल भारत बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए भी राहत का संकेत है।