बिहार में जमीन के दामों में आएगा जबरदस्त उछाल, सैटेलाइट टाउनशिप की तैयारी तेज

  • Post By Admin on Apr 29 2026
बिहार में जमीन के दामों में आएगा जबरदस्त उछाल, सैटेलाइट टाउनशिप की तैयारी तेज

पटना : बिहार में जमीन की कीमतों में जल्द ही बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार ने 11 नए सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का फैसला लिया है, जिससे शहरी विस्तार के साथ-साथ भूमि मूल्यों में कई गुना बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत किसानों और भूमि मालिकों को भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना में किसी को भी भूमिहीन नहीं किया जाएगा।

सरकार इन प्रस्तावित टाउनशिप का विकास टाउन प्लानिंग स्कीम (TPS) के तहत भूमि-पूलिंग व्यवस्था के आधार पर करेगी। यह प्रक्रिया बिहार टाउन प्लानिंग स्कीम नियमावली, 2025 के तहत लागू की जाएगी, जिससे योजनाबद्ध तरीके से शहरी विकास सुनिश्चित हो सके।

प्रधान सचिव के अनुसार, टाउनशिप विकसित होने के बाद जमीन की कीमतों में कई गुना वृद्धि होती है, जिससे भूमि मालिकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलता है। वहीं, जो लोग इस योजना का हिस्सा नहीं बनना चाहते, उन्हें आपसी सहमति के आधार पर मुआवजा, ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR) या विकसित भवन में हिस्सेदारी का विकल्प दिया जाएगा।

सरकार की इस पहल को राज्य में शहरीकरण और आर्थिक विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।