पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर पीएम मोदी ने किया नमन, योगदान को किया याद

  • Post By Admin on Sep 26 2025
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर पीएम मोदी ने किया नमन, योगदान को किया याद

नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर आज पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके लंबे राजनीतिक जीवन और देश की प्रगति में दिए गए योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जन्म-जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। हम उनके लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान देश के लिए उनके योगदान को याद करते हैं।”

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. सिंह का योगदान हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह गांव में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड से उच्च शिक्षा प्राप्त की और एक शीर्ष अर्थशास्त्री के रूप में पहचान बनाई।

उन्होंने 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक सुधारों की शुरुआत की, जिसने भारत को नई दिशा दी। इसके बाद 2004 से 2014 तक लगातार दो कार्यकाल तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।

डॉ. सिंह का राजनीतिक करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा। वह लगभग 33 वर्षों तक राज्यसभा सांसद रहे। इसके अलावा रिजर्व बैंक के गवर्नर, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, दक्षिण आयोग के महासचिव और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर भी उन्होंने कार्य किया।

उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण (1987), यूरो मनी और एशिया मनी अवॉर्ड्स (1993-94), तथा जवाहरलाल नेहरू जन्म शताब्दी पुरस्कार (1995) से सम्मानित किया गया।

डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी सरलता, ईमानदारी और दूरदर्शी आर्थिक नीतियों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।