पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की

  • Post By Admin on Aug 20 2025
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की

नई दिल्ली : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर नमन।” वहीं, भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने उन्हें याद करते हुए कहा कि आधुनिक और तकनीकी भारत का उनका दृष्टिकोण आज भी राष्ट्र की प्रगति को प्रेरित करता है।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने लिखा, “राजीव गांधी ने मताधिकार की आयु घटाकर युवाओं को ताकत दी, पंचायती राज सुधार, कंप्यूटरीकरण और दूरसंचार क्रांति जैसे दूरगामी फैसलों से भारत की प्रगति के नए क्षितिज खोले। उनकी जयंती पर हम राष्ट्रीय सद्भावना दिवस मना रहे हैं।”

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “देश को आधुनिकता और उदारीकरण की ओर ले जाने वाले, पंचायती राज को मजबूती देने वाले और सूचना क्रांति के प्रणेता राजीव गांधी को उनकी जयंती पर कोटिशः नमन।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने दिल्ली स्थित 'वीरभूमि' पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच ने देश में सूचना क्रांति की नींव रखी और युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित की।

भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राजीव गांधी के प्रगतिशील विचारों और दूरसंचार क्रांति ने भारत को नई दिशा दी। उन्होंने कहा, “हम उनकी विरासत को जीवित रखते हुए एक समृद्ध और समावेशी भारत के निर्माण हेतु संकल्पित हैं।”

पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर देशभर के नेताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके योगदान को भारत के आधुनिक इतिहास का अहम अध्याय बताया।