नई दिल्ली : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके पिता के सपने को पूरा करना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एक ऐसा भारत, जहां हर नागरिक को सम्मान मिले, लोकतंत्र और संविधान मजबूत हो। पापा, आपके देखे इस सपने को पूरा करना ही मेरा जीवन लक्ष्य है।"

दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के लिए अद्वितीय काम किए और संविधान व लोकतंत्र को मजबूत रखने में उनका योगदान आज भी प्रेरणा देता है।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने लिखा कि पूर्व पीएम ने अपने कार्यकाल में देश को आधुनिक दृष्टि दी, पंचायती राज को सशक्त किया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाया। उनके दूरदर्शी और प्रगतिशील कदम आज भी भारत के विकास में स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने उन्हें तकनीकी भारत और संचार क्रांति के जनक बताते हुए याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने ग्रामीण भारत की प्रतिभाओं को शिक्षा, नेतृत्व और अवसर प्रदान किए, कंप्यूटर और दूरसंचार की क्रांति तथा नवोदय विद्यालयों के माध्यम से देश में क्रांतिकारी बदलाव लाए।

पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने उनके योगदान और विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।