इटली में युद्धाभ्यास कर यूरोप-एशिया की ओर बढ़ा भारतीय युद्धपोत आईएनएस तमाल
- Post By Admin on Aug 17 2025

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक युद्धपोत आईएनएस तमाल इटली के नेपल्स बंदरगाह से रवाना हो चुका है। रूस निर्मित यह शक्तिशाली युद्धपोत 13 से 16 अगस्त तक इटली में तैनात रहा, जहां इसने इटली की नौसेना के साथ संयुक्त अभ्यास कर रक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
नेपल्स में आईएनएस तमाल ने इटली के नवीनतम लैंडिंग हेलीकॉप्टर डॉक युद्धपोत आईटीएस ट्रिएस्टे के साथ समुद्री युद्धाभ्यास किया। दोनों नौसेनाओं ने इस दौरान संचार, समुद्री युद्धाभ्यास, हवाई अभियानों और अनुभवों के आदान-प्रदान जैसी गतिविधियां कीं। अभ्यास का समापन एक भव्य समुद्री परेड के साथ हुआ।
यह युद्धपोत न्यूक्लियर, बायोलॉजिकल और केमिकल रक्षा प्रणाली से लैस है। इसमें ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, सतह से वायु में मार करने वाली मिसाइलें, 100 मिमी तोप, हैवी टॉरपीडो और रॉकेट लॉन्चिंग की क्षमता मौजूद है। साथ ही इसमें हेलीकॉप्टर संचालन की भी सुविधा है।
नेपल्स प्रवास के दौरान आईएनएस तमाल ने कई रणनीतिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके कमांडिंग ऑफिसर ने इटली की नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से मुलाकात कर भारत-इटली रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 पर चर्चा की। भारतीय दूतावास और आईएनएस तमाल ने संयुक्त रूप से एक सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जिसमें स्थानीय प्रशासन, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और इटली के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर आईएनएस तमाल पर एक भव्य परेड आयोजित की गई थी। जहाज का दल रोम स्थित भारतीय दूतावास के स्वतंत्रता दिवस समारोह का भी हिस्सा बना।
भारतीय नौसेना का मानना है कि यह दौरा भारत और इटली के बीच रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। अब यह युद्धपोत यूरोप और एशिया के अन्य बंदरगाहों की ओर अग्रसर है और अपनी यात्रा पूरी करने के बाद भारत लौटेगा।