पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बाढ़ का कहर : 314 की मौत, 156 घायल
- Post By Admin on Aug 17 2025

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 314 लोगों की मौत और 156 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रांतीय सरकार ने आपातकाल घोषित कर दिया है। सैकड़ों परिवार बेघर हो चुके हैं, जबकि बुनेर, स्वात, शांगला और मनसेहरा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, अकेले बुनेर जिले में 209 मौतें और 120 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शांगला में 36, मानसेहरा में 24 और बाजौर में 21 लोगों की मौत हुई है। स्वात में 16, लोअर दीर में 5 और बट्टाग्राम में 3 लोगों की जान गई है। पीडीएमए की रिपोर्ट में बताया गया कि बाढ़ और भूस्खलन से 159 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 62 पूरी तरह ढह गए। इसके अलावा 57 स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है।
बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि करीब 2,000 बचावकर्मी नौ जिलों में राहत और मलबा हटाने के काम में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मलबे में दबे लोगों के जिंदा बचने की संभावना बेहद कम है। फिर भी अब तक 850 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। केवल बुनेर जिले में ही 181 शव बरामद किए गए हैं।
स्थिति को देखते हुए पंजाब पीडीएमए ने मुर्री में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू करने की तैयारी है ताकि और जान-माल का नुकसान रोका जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून का दबाव और बारिश की तीव्रता बचाव कार्यों में बड़ी चुनौती बन रही है। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन सड़क संपर्क बाधित होने से मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।