पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध पर भारत की चिंता, पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की बात

  • Post By Admin on Mar 02 2026
पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध पर भारत की चिंता, पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की बात

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। इसकी जानकारी स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंताओं से अवगत कराया और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। भारत ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त किया जाना चाहिए तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल होनी चाहिए।

यूएई राष्ट्रपति से भी की बात

इससे पहले एक मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान  से भी फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने यूएई पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया और इस कठिन समय में यूएई के साथ भारत की एकजुटता दोहराई।

प्रधानमंत्री ने यूएई में रह रहे बड़े भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए वहां के नेतृत्व का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का लगातार समर्थन करता है।

ईरान में शोक, वैश्विक प्रतिक्रिया तेज

उधर, जारी संघर्ष के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई  की मौत की खबर सामने आई है। उनकी मृत्यु के बाद ईरान में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। पवित्र स्थल इमाम रजा दरगाह पर काला झंडा फहराया गया है, जबकि भारत स्थित ईरानी दूतावास में भी झंडा आधा झुका दिया गया।

ईरान ने इस हमले की कड़ी आलोचना करते हुए विश्व समुदाय से अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई की निंदा करने की अपील की है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है, वहीं भारत संतुलित रुख अपनाते हुए शांति बहाली की अपील कर रहा है।