नेपाल में मतदान से पहले भारत-नेपाल सीमा सील, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • Post By Admin on Mar 03 2026
नेपाल में मतदान से पहले भारत-नेपाल सीमा सील, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नई दिल्ली : नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा को सोमवार आधी रात से 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।

दोनों देशों के बीच चुनाव के दौरान सीमा बंद रखने की परंपरा रही है, ताकि असामाजिक या अवांछित तत्व चुनाव प्रक्रिया में बाधा न डाल सकें। सीमा बंदी का निर्णय सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश पर लिया गया है।

नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता उप महानिरीक्षक विष्णु प्रसाद भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यावश्यक वस्तुओं को छोड़कर लोगों और सामान की आवाजाही 72 घंटे के लिए स्थगित कर दी गई है। यह प्रतिबंध गुरुवार मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा। सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी सशस्त्र पुलिस बल को सौंपी गई है।

नेपाल के सीमावर्ती जिलों में स्थानीय प्रशासन द्वारा भी आम लोगों को सीमा बंदी की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों के अनुसार पेट्रोलियम पदार्थ जैसे आवश्यक सामानों की ढुलाई की अनुमति रहेगी। साथ ही सीमा क्षेत्रों में फंसे विदेशी नागरिकों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कदम चुनाव के दौरान शांति, व्यवस्था और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।