उत्तर भारत में गर्मी बनी जानलेवा, यूपी में अबतक 17 मौतें

  • Post By Admin on Jun 14 2025
उत्तर भारत में गर्मी बनी जानलेवा,  यूपी में अबतक 17 मौतें

नई दिल्ली : उत्तर और मध्य भारत में जारी भीषण गर्मी अब जानलेवा बनती जा रही है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अलग-अलग जिलों से लू के कारण 17 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। राज्य के 11 जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 जून के बाद मौसम में बदलाव संभव है जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

दिल्ली और एनसीआर में भी लू का प्रकोप जारी है। तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन गर्म हवाओं और उमस के कारण लोग 50 डिग्री से भी ज्यादा की गर्मी महसूस कर रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

राजस्थान के पश्चिमी जिलों में गर्मी रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। बीकानेर, चूरू और बारां जैसे इलाकों में भी तापमान 47 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर तक गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे हैं। जैसलमेर में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे कुछ राहत की उम्मीद बनी है, हालांकि कई क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रह सकती है।

पंजाब में गर्मी से दो लोगों की मौत की खबर है। हालांकि शुक्रवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से कुछ राहत मिली है।

महाराष्ट्र में मानसून की वापसी के बाद पिछले दो दिनों से कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। कोल्हापुर, पुणे, रायगढ़, सांगली, सतारा और ठाणे में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगह जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून सक्रिय हो गया है। स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में गरज के साथ बारिश की संभावना है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पर्वतीय राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और तूफानी गतिविधियों की चेतावनी जारी की है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यधिक गर्मी में घर से बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पीएं और शरीर को ढक कर रखें। लू से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की जा रही है।

सरकारी एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए हैं। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं, लेकिन फिलहाल गर्मी की मार से उत्तर भारत बेहाल है।