घुसपैठ और तस्करी पर लगेगी लगाम, अमित शाह ने स्मार्ट बॉर्डर प्लान का किया ऐलान

  • Post By Admin on May 22 2026
घुसपैठ और तस्करी पर लगेगी लगाम, अमित शाह ने स्मार्ट बॉर्डर प्लान का किया ऐलान

नई दिल्ली : केंद्र सरकार पाकिस्तान और बांग्लादेश सीमा पर जल्द ही स्मार्ट बॉर्डर सुरक्षा प्रणाली लागू करने जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए सीमा पर हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अवैध घुसपैठ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के संस्थापक एवं प्रथम महानिदेशक केएफ रुस्तमजी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि देश की जनसांख्यिकीय संरचना को बदलने की कोशिशों को रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे बाहर निकालना सरकार की प्राथमिकता है। गृह मंत्री ने कहा कि अगले एक वर्ष के भीतर पाकिस्तान और बांग्लादेश सीमा पर ड्रोन, स्मार्ट कैमरे, रडार, आधुनिक सेंसर और थर्मल इमेजिंग तकनीक से लैस स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली लागू कर दी जाएगी। इसके जरिए सीमा पर होने वाली गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी और तस्करी तथा अवैध घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा सरकार के सहयोग से सीमा सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। गृह मंत्रालय जल्द ही इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगा। अमित शाह ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार जल्द ही एक उच्चस्तरीय जनसांख्यिकी मिशन शुरू करने जा रही है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसंख्या बदलाव से जुड़े मामलों की निगरानी करेगा और सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ केवल सीमा सुरक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक संतुलन से भी जुड़ा विषय है।

गृह मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान सीमा पर 93 प्रतिशत से अधिक तथा बांग्लादेश सीमा पर करीब 80 प्रतिशत बाड़बंदी का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि ड्रोन के जरिए हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है, जिससे निपटने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।