पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देशभर में शोक की लहर
- Post By Admin on Dec 27 2024
नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। 92 वर्षीय डॉ. सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें गुरुवार शाम बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रात में उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद केंद्र सरकार ने शुक्रवार के सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सरकार ने घोषणा की है कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने और वित्त मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए देश की सेवा की। उनके नेतृत्व में कई ऐतिहासिक आर्थिक सुधार हुए। उनके साथ मेरी कई यादें जुड़ी हैं, विशेष रूप से उस समय की जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा प्रेरणादायक रहीं।"
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, "मैंने अपने गुरु और मार्गदर्शक को खो दिया है। डॉ. सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ देश का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी।"
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में उनके योगदान को याद करते हुए नेताओं और आम जनता ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।