सीपी राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति, राष्ट्रपति मुर्मू ने पद की शपथ दिलाई
- Post By Admin on Sep 12 2025

नई दिल्ली : सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद चुनाव आयोग से प्राप्त निर्वाचन प्रमाण पत्र पढ़ा गया और राष्ट्रपति मुर्मू ने राधाकृष्णन को शपथ दिलाई। राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति पद पर जगदीप धनखड़ का स्थान लिया है, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों से जुलाई में इस्तीफा दिया था।
हाल ही में संपन्न उपराष्ट्रपति चुनाव में राधाकृष्णन ने विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को हराया था। उन्हें 452 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए, जबकि रेड्डी को 300 वोट मिले।
तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे राधाकृष्णन का सार्वजनिक जीवन आरएसएस स्वयंसेवक के रूप में शुरू हुआ। वे 1974 में जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने। भाजपा में उन्होंने कई जिम्मेदारियां निभाईं। 1998 और 1999 में वे कोयंबटूर से सांसद चुने गए। 2004 से 2007 तक भाजपा तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष रहे और 2020-22 के बीच केरल भाजपा के प्रभारी भी रहे।
राधाकृष्णन 2023 में झारखंड के राज्यपाल बने और 2024 में महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की शपथ ली थी। अब वे देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के पदेन सभापति के रूप में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।