पेपर लीक के खिलाफ CJP का हल्लाबोल, उठाई शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
- Post By Admin on Jun 06 2026
नई दिल्ली : पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं, जो शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली लौटने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान नीट पेपर लीक और सीबीएसई से जुड़े कथित विवादों को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।धरने को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद प्रदर्शन की अनुमति प्रदान की गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों और अन्य प्रतिभागियों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद ही अनुमति दी गई। सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के आवागमन में सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जिले को 12 जोन में विभाजित कर वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस ने प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक की अनुमति दी है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने सभी जिला एवं यूनिट डीसीपी को आंतरिक अलर्ट जारी करते हुए संभावित भीड़, यातायात प्रभावित होने और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।