पटना में आरोग्यम वेलनेस सेंटर का उद्घाटन, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़
- Post By Admin on Jun 06 2026
पटना: राजधानी पटना के उमा सिनेमा के समीप स्थित “आरोग्यम वेलनेस सेंटर” का भव्य उद्घाटन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। उद्घाटन के अवसर पर निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह प्राप्त की।
कार्यक्रम में जदयू के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं आरोग्यम वेलनेस सेंटर के डायरेक्टर रोहित त्रिवेदी एवं गोलोक नाथ बिस्वास विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन में सेंटर के संचालक संदीप नारायण लाल की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह के दौरान अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहल की सराहना की।
मुख्य अतिथि एमएलसी संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि आरोग्यम वेलनेस सेंटर का यह प्रयास लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने केंद्र की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे संस्थान समाज के स्वास्थ्य स्तर को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। वहीं सेंटर के डायरेक्टर रोहित त्रिवेदी ने कहा कि आरोग्यम वेलनेस सेंटर का उद्देश्य लोगों को आधुनिक, समग्र एवं भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से न केवल बेहतर इलाज की सुविधा दी जाएगी, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष शिविर और परामर्श कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सेंटर के संचालक संदीप नारायण लाल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।