भाजपा ने अशोक स्तंभ विवाद पर विपक्ष को घेरा, कहा- पूरे देश की अस्मिता हुई आहत

  • Post By Admin on Sep 07 2025
भाजपा ने अशोक स्तंभ विवाद पर विपक्ष को घेरा, कहा- पूरे देश की अस्मिता हुई आहत

नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के हजरतबल दरगाह में अशोक स्तंभ के अपमान को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस, आरजेडी और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हजरतबल में केवल अशोक सम्राट का प्रतीक नहीं तोड़ा गया, बल्कि भारत के दिल और पूरे देश की अस्मिता को चोट पहुंचाई गई है।

गिरिराज सिंह ने बिहार और उत्तर प्रदेश के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "कांग्रेस और तेजस्वी यादव बिहार और हिंदू समाज की भावना का अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी ने ऐसे नेताओं को मंच पर बुलाकर अमर्यादित टिप्पणियों को बढ़ावा दिया। अब जम्मू-कश्मीर में अशोक स्तंभ का भी अपमान हो रहा है। यह केवल एक स्तंभ नहीं, बल्कि भारत की भावना, संविधान और बाबा साहेब अंबेडकर की आत्मा से जुड़ा प्रतीक है।"

उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कांफ्रेंस से माफी नहीं मंगवाई तो यह साबित हो जाएगा कि उन्हें देश की अस्मिता की कोई परवाह नहीं है।

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी महागठबंधन को निशाने पर लिया और कहा, "जिस सम्राट अशोक ने अखंड भारत का सपना देखा और भारत स्तंभ तथा अशोक चक्र को मान्यता दी, उसी स्तंभ पर हमला करना पूरे देश और बिहार की अस्मिता पर हमला है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।"

भाजपा के मीडिया सह प्रभारी डॉ. संजय मयूख ने कहा कि केरल से लेकर कश्मीर तक विपक्ष द्वारा लगातार अपमानजनक भाषा और कार्य हो रहे हैं, जिन्हें बिहारवासी अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "सम्राट अशोक केवल बिहार का ही नहीं, बल्कि पूरे देश के हर कोने में सम्मानित हैं। बिहार लोकतंत्र की जननी है और इसका अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को गरमाते हुए केंद्र और राज्य में भाजपा और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक को और बढ़ा दिया है।