लंबित मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
- Post By Admin on May 22 2026
दरभंगा : बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, दरभंगा के बैनर तले विभिन्न कोटि के शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर, दरभंगा में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। धरना सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।
धरना के दौरान शिक्षकों ने सरकार के समक्ष अपनी कई प्रमुख मांगें रखीं। शिक्षकों ने वर्ष 2025 एवं 2026 की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा तथा इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का पारिश्रमिक शीघ्र भुगतान करने की मांग की। इसके साथ ही उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को दो पालियों में संचालित करने की व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग उठाई गई।
शिक्षक नेताओं ने उच्च वर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित करने तथा नियुक्त शिक्षकों को उपदान एवं सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं वित्तरहित एवं अनुदानित माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक एवं इंटर शिक्षकों के वेतनमान और पेंशन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की शीघ्र बैठक बुलाकर बकाया अनुदान राशि का भुगतान करने की भी मांग की गई।
धरना में शामिल शिक्षकों ने कहा कि जो शिक्षक अपने ही जिले में कार्यरत हैं, उन्हें स्थानांतरण की सुविधा यथाशीघ्र प्रदान की जानी चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर शिक्षकों को सेवा में रहते हुए बीएड कराने की व्यवस्था करने तथा संगीत, ललितकला, उर्दू एवं कंप्यूटर शिक्षकों को अन्य शिक्षकों की तरह प्रोन्नति का लाभ देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
धरना के दौरान शिक्षकों ने सरकार से मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र समाधान करने की अपील की। शिक्षकों का कहना था कि लंबे समय से लंबित मांगों के कारण उनमें असंतोष बढ़ रहा है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।