भारत-पाक तनाव के बीच लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा बने नॉर्दन कमांडर, सीमाई सुरक्षा को लेकर बढ़ीं उम्मीदें

  • Post By Admin on Apr 29 2025
भारत-पाक तनाव के बीच लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा बने नॉर्दन कमांडर, सीमाई सुरक्षा को लेकर बढ़ीं उम्मीदें

नई दिल्ली : भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव और पहलगाम आतंकी हमले के बीच भारतीय सेना को नया उत्तरी कमान प्रमुख मिल गया है। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को उधमपुर स्थित नॉर्दन कमान का नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया है। सोमवार को केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। 

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा संभालने वाली नॉर्दन कमान वर्तमान समय में पाकिस्तान और चीन की गतिविधियों के मद्देनजर बेहद अहम भूमिका में है। ऐसे में लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा की नियुक्ति को सामरिक दृष्टिकोण से एक निर्णायक कदम माना जा रहा है। वे हाल ही में पहलगाम हमले के बाद सेना प्रमुख के साथ श्रीनगर के दौरे पर भी गए थे, जिससे उनकी सक्रिय भूमिका की पुष्टि होती है।

लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा इससे पहले सैन्य संचालन के महानिदेशक (DGMO), मिलिट्री सेक्रेटरी ब्रांच और सूचना निदेशालय में Information Warfare के प्रमुख जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। 

वे लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार का स्थान लेंगे, जो अब सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सुचिन्द्र कुमार ने फरवरी 2024 में पदभार संभाला था। प्रतीक शर्मा एक अनुभवी इन्फैंट्री अधिकारी हैं और उनका सैन्य करियर तीन दशकों से भी अधिक समय का रहा है। 

उन्होंने ऑपरेशन पवन (श्रीलंका), ऑपरेशन मेघदूत (सियाचिन), ऑपरेशन रक्षक (जम्मू-कश्मीर), और ऑपरेशन पराक्रम (2001 संसद हमले के बाद) जैसे अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

सीमाई क्षेत्रों में बढ़ती चुनौतियों के बीच प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में उत्तरी कमान से सुरक्षा व्यवस्था में और अधिक मजबूती आने की उम्मीद की जा रही है।