इबोला खतरे के बीच सरकार सतर्क, एयरपोर्ट पर फिर लागू हुए कोविड जैसे नियम

  • Post By Admin on May 26 2026
इबोला खतरे के बीच सरकार सतर्क, एयरपोर्ट पर फिर लागू हुए कोविड जैसे नियम

नई दिल्ली : इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने देशभर के हवाई अड्डों और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। नागर विमानन महानिदेशालय ने इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों के लिए नई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत यात्रियों को भारत पहुंचने से पहले अनिवार्य रूप से ‘स्व-घोषणा प्रपत्र’ भरना होगा तथा हवाई अड्डों पर उनकी थर्मल जांच की जाएगी।

कोविड महामारी के दौरान अपनाए गए सुरक्षा उपायों की तर्ज पर नए प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार यदि किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे विमान के पिछले हिस्से में बैठाया जाएगा ताकि अन्य यात्रियों से उसका संपर्क सीमित रखा जा सके। साथ ही संदिग्ध यात्री के आगे और पीछे की तीन-तीन सीटों की पंक्तियां यथासंभव खाली रखने का निर्देश दिया गया है।

एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, एमिरेट्स और कतर एयरवेज जैसी विमानन कंपनियां प्रभावित देशों से यात्रियों को भारत ला रही हैं। यदि किसी उड़ान में इबोला के संदिग्ध लक्षण वाला यात्री पाया जाता है, तो संबंधित विमानन कंपनी को तुरंत हवाई यातायात नियंत्रण को सूचना देनी होगी, ताकि विमान को अलग स्थान पर खड़ा किया जा सके। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार जिन यात्रियों में कोई लक्षण नहीं होंगे, उन्हें पहले विमान से उतारा जाएगा, जबकि संदिग्ध यात्रियों को सबसे अंत में उतारकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सौंपा जाएगा।

नागर विमानन महानिदेशालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन यात्रियों को बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त, शरीर पर चकत्ते या रक्तस्राव जैसी शिकायत हो, वे तुरंत विमान कर्मियों तथा भारत पहुंचने पर आव्रजन या चिकित्सकीय इकाई को इसकी जानकारी दें। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी यात्रियों और विमान कर्मियों के लिए, उनकी राष्ट्रीयता चाहे जो भी हो, स्व-घोषणा प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा। यदि भारत आने के 21 दिनों के भीतर किसी यात्री में इबोला के लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत निर्धारित अस्पताल में उपचार कराना होगा और हवाई अड्डा स्वास्थ्य कार्यालय को सूचित करना होगा।