अहमदाबाद : अहमदाबाद में 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। विमान के मलबे से एक ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है, जो दुर्घटना के कारणों की जांच में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इस हादसे में 241 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

गुजरात एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि एयरक्राफ्ट के पिछले हिस्से से डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि, अभी तक दूसरा ब्लैक बॉक्स, जो विमान के अगले हिस्से में लगा होता है, बरामद नहीं किया जा सका है।

विशेषज्ञों के अनुसार, ब्लैक बॉक्स विमान दुर्घटनाओं की जांच में सबसे अहम साक्ष्य होता है। यह दो प्रमुख उपकरणों— कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) से मिलकर बना होता है। सीवीआर जहां पायलटों की बातचीत, रेडियो ट्रांसमिशन और इंजन की ध्वनियों को रिकॉर्ड करता है, वहीं एफडीआर उड़ान से जुड़ी तकनीकी जानकारी जैसे ऊंचाई, गति, दिशा, ऑटोपायलट की स्थिति आदि को दर्ज करता है।

ब्लैक बॉक्स की खासियत यह है कि यह स्टील या टाइटेनियम जैसी मजबूत धातुओं से बना होता है और भीषण दुर्घटनाओं, आग, विस्फोट व गहरे पानी के दबाव को भी सहन कर सकता है। यही कारण है कि विमान के पिछले हिस्से में इसे रखा जाता है, जहां दुर्घटना का प्रभाव अपेक्षाकृत कम होता है।

बताते चलें कि 12 जून को एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट ने दोपहर 1:39 बजे टेक-ऑफ किया था, लेकिन उड़ान भरने के सिर्फ एक मिनट के भीतर ही विमान 625 फीट की ऊंचाई से सीधे नीचे गिर गया। पायलट ने एटीसी को आपातकालीन 'मेडे कॉल' भेजा था, लेकिन उसके बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और ब्लैक बॉक्स से मिली जानकारियों के आधार पर दुर्घटना की सटीक वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि ब्लैक बॉक्स की मदद से यह पता चल सकेगा कि महज कुछ सेकंड में ऐसा क्या तकनीकी या मानवीय चूक हुई, जिसने एक सुरक्षित उड़ान को इतना भीषण हादसा बना दिया।