सूरत : यात्रियों के लिए रेलवे ने सूरत और उदयपुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की है। ट्रेन का उद्घाटन परिचालन 2 अक्टूबर को किया गया। नियमित सेवा 3 अक्टूबर से शुरू होगी। नई ट्रेन के संचालन से गुजरात और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को और सुविधा मिलने की उम्मीद है। नई वंदे भारत करीब 690 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह सफर लगभग 7 घंटे 30 मिनट में पूरा करने के लिए निर्धारित है। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक बताई गई है। रेलवे के अनुसार नई सेवा से सूरत और उदयपुर के बीच यात्रा के समय में चार घंटे से अधिक की कमी आएगी।
उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 09103 के रूप में संचालित हुई। यह ट्रेन सूरत से सुबह 10 बजे रवाना होकर शाम 5:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जवाहर स्टेशनों पर रुकेगी। नई वंदे भारत में आठ डिब्बे होंगे। यात्रियों के लिए एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नियमित परिचालन के दौरान ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और मंगलवार को इसका परिचालन नहीं होगा।
नियमित सेवा में उदयपुर से सूरत जाने वाली ट्रेन संख्या 26904 दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। वहीं सूरत से उदयपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 26903 सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। दोनों सेवाओं के लिए निर्धारित ठहराव समान रहेंगे। नई सेवा शुरू होने के साथ उदयपुर सिटी-असरवा-उदयपुर सिटी के बीच चलने वाली पुरानी वंदे भारत सेवा को बंद किया जा रहा है। रेलवे के इस बदलाव से गुजरात और राजस्थान के प्रमुख शहरों के बीच सीधा और तेज रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
























