अहमदत: गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति और समुदाय की पहचान बताने वाले शब्द, प्रतीक, संकेत और लिखावट प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य के बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन करते हुए नए प्रावधान अधिसूचित किए हैं।

यह प्रतिबंध दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया, बस और ट्रक सहित निजी वाहनों पर लागू होगा। नए नियमों के तहत वाहनों पर जाति की पहचान बताने वाले स्टिकर, शब्द और प्रतीक लगाने को प्रतिबंधित किया गया है। सरकार ने गुजरात मोटर व्हीकल्स (थर्ड अमेंडमेंट) रूल्स, 2026 के माध्यम से नियम 125(1) में जाति संबंधी संकेतों को भी प्रतिबंधित सामग्री में शामिल किया है। इसके अलावा नियम 138 में नया उपनियम जोड़कर निजी वाहनों पर इस तरह की लिखावट और संकेतों के प्रदर्शन पर रोक स्पष्ट की गई है।

परिवहन आयुक्त राजेंद्र कुमार के अनुसार, सभी जिलों के परिवहन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को नियमों के पालन के लिए निर्देश दिए जाएंगे। सरकार ने कुछ विशेष परिस्थितियों में सामान्य या विशेष आदेश के जरिए छूट देने का अधिकार अपने पास रखा है। इस फैसले का उद्देश्य सार्वजनिक वाहनों और सड़कों पर जाति आधारित पहचान के प्रदर्शन को नियंत्रित करना है। अब राज्य में वाहन मालिकों को नए नियमों का पालन करना होगा।