योग कक्षा का शुभारंभ, बताया गया योग का महत्व
- Post By Admin on Dec 21 2024

लखीसराय : जिला मुख्यालय के चितरंजन रोड स्थित प्रभात चौक पर होटल भारती के सभागार में बीते शुक्रवार को पतंजलि योग समिति और भारत स्वाभिमान के सौजन्य से योग कक्षा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार राज्य के प्रभारी सुनील स्वाभिमानी, डॉ. अशोक कुमार सिंह, इंजीनियर सुरेश प्रसाद, ई. सुरेंद्र प्रसाद सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के सचिव संजीव कुमार सिंह और वरिष्ठ शिक्षक अरविंद कुमार भारती ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सुबह 6:30 से 8:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में योग के विभिन्न आसनों और प्रणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में लोगों को योग से जुड़े लाभ और बीमारियों के समाधान के लिए निशुल्क सलाह दी गई। वरिष्ठ शिक्षक अरविंद कुमार भारती ने कहा, "करें योग, रहें निरोग।" उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि सुनील स्वाभिमानी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "स्वस्थ जीवन के लिए योग अनिवार्य है। योग से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।" वहीं, डॉ. अशोक कुमार सिंह ने योग के वैज्ञानिक पहलुओं और इसके लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम में ज्वाला प्रसाद सिंह और आनंदी महतो ने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसनों और प्रणायाम का अभ्यास कराया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन अरविंद कुमार भारती ने किया और मुख्य अतिथि सुनील स्वाभिमानी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।