मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणाओं से महिला सशक्तिकरण को मिली नई उड़ान, महिलाओं ने जताई खुशी

  • Post By Admin on Jun 21 2025
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणाओं से महिला सशक्तिकरण को मिली नई उड़ान, महिलाओं ने जताई खुशी

लखीसराय : महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम की समीक्षात्मक बैठक में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जो राज्यभर की लाखों महिलाओं के लिए राहत और प्रोत्साहन का कारण बनी हैं। यह बैठक पटना के देशरत्न मार्ग स्थित संवाद भवन में आयोजित हुई, जिसे राज्य के विभिन्न जिलों से जीविका दीदियों ने वर्चुअली देखा और सराहा।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करना, जीविका दीदियों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज दर को 12% से घटाकर 7% करना, जीविका कैडर की मानदेय राशि में वृद्धि, दीदी की रसोई योजना का सभी सरकारी विभागों तक विस्तार, हर पंचायत में सामुदायिक विवाह भवन का निर्माण और सतत जीविकोपार्जन योजना को अत्यधिक गरीब परिवारों तक पहुंचाना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्यभर की संकुल स्तरीय जीविका दीदियों से वर्चुअल संवाद किया और ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम के आयोजन को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन ही बिहार के विकास की कुंजी है।

महिला संवाद कार्यक्रम ग्रामीण विकास विभाग और जीविका के संयुक्त तत्वावधान में 18 अप्रैल से 20 जून तक राज्यभर में चलाया गया था, जिसके अंतर्गत महिलाओं की आकांक्षाएं और सुझाव जुटाए गए थे। आज की समीक्षात्मक बैठक उसी का निष्कर्ष रही, जिसमें मुख्यमंत्री ने इन सुझावों को नीतिगत घोषणाओं में तब्दील कर एक बार फिर महिला हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

लखीसराय जिले से अनमोल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष उर्मिला देवी ने पटना में प्रत्यक्ष रूप से बैठक में भाग लिया। वहीं, लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित वर्चुअल बैठक में जिले के 17 संकुल स्तरीय संघों की लीडर दीदियों ने भाग लिया। सभी दीदियों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।

लक्ष्य जीविका संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष पिंकी देवी ने कहा कि हमारी अपेक्षाओं को इतनी जल्दी पूरा करना हमारे लिए गर्व और आश्वासन की बात है। महिला संवाद कार्यक्रम न केवल सफल रहा बल्कि इससे जुड़ी महिलाएं अब और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ेंगी।

समाहरणालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक एवं जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।