विनय साहू के आरोप निराधार, दर्जनभर आपराधिक मामले दर्ज : विकास आनंद

  • Post By Admin on Dec 12 2024
विनय साहू के आरोप निराधार, दर्जनभर आपराधिक मामले दर्ज : विकास आनंद

लखीसराय : नया बाजार धर्मशाला में सोमवार को साहू समाज के प्रबुद्ध जनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विनय साहू पर लगाए गए आरोपों को खारिज किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकास आनंद साहू ने बताया कि दो दिन पहले लखीसराय पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए विनय साहू एक कुख्यात जमीन माफिया और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें जमीन हड़पने, आर्म्स एक्ट, धमकी देने और मारपीट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

विकास आनंद ने कहा कि विनय साहू सस्ती लोकप्रियता और अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विनय साहू ने साहू समाज के अध्यक्ष पद का दुरुपयोग कर समाज के लोगों को ठगा है और भ्रष्ट तरीकों से धन अर्जित किया है।

साहू समाज के अन्य सदस्यों, जिनमें सनोज साव, महेश साव, राजकुमार साव, राजेश साव, गोपी साव, अमित साव और मनोज साव शामिल जिन्होंने विनय साहू पर समाज के हितों की अनदेखी करने और केवल व्यक्तिगत स्वार्थ साधने का आरोप लगाया।

विकास आनंद ने यह भी कहा कि विनय साहू का राजनीति में योगदान नगण्य है और उनके खिलाफ 2000 से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजनीति में सक्रिय होने से पहले ही उनके जेल जाने की क्या वजह थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी दावा किया गया कि विनय साहू ने साहू समाज के अध्यक्ष का पद भी पैसे देकर हासिल किया है और समाज के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। साहू समाज के सदस्यों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।