बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि न मिलने पर ग्रामीणों ने की प्रशासन से सहायता की अपील

  • Post By Admin on Jan 09 2025
बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि न मिलने पर ग्रामीणों ने की प्रशासन से सहायता की अपील

लखीसराय : जिले के पीपड़िया और प्रयो-पीपड़िया अंचल के बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन से सहायता राशि और अन्य राहत सामग्री की मांग की है। इन ग्रामीणों का कहना है कि 2023 और 2024 दोनों ही वर्षों में उन्हें न तो राहत की राशि मिली है और न ही अनाज या अन्य कोई सरकारी सहायता।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे सभी गरीब परिवार से हैं और लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। गांववाले भारी कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और बाढ़ के कारण हुए नुकसान के बाद भी उन्हें प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली।

ग्रामीणों ने प्रशासन से निवेदन करते हुए कहा है कि वे गरीब और दीन-हीन लोग हैं। जिन्हें बाढ़ पीड़ितों के लिए दी जाने वाली राहत सहायता से वंचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि, “हमारे हालात बहुत खराब हैं और हमें राहत राशि, अनाज और अन्य जरूरी सामान की सख्त जरूरत है।”

विनोद साह, सीताराम, शैलादेवी, पारस साव और अन्य ग्रामीणों ने एक आवेदन पत्र में इस बात की शिकायत की है और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि अगर सरकार और प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत का काम नहीं करेगा, तो उनकी जिंदगी में और भी कठिनाईयां आ सकती हैं।