बड़हिया : केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को अपने दो दिवसीय दौरे के तहत बड़हिया का दौरा किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के दौरान मंत्री ने बड़हिया विद्युत सब-स्टेशन का निरीक्षण किया और क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा की।

निरीक्षण के बाद ललन सिंह ने कहा कि क्षेत्र की बिजली समस्या को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा। उन्होंने परियोजना के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही और भरोसा दिलाया कि जैसे ही जमीन उपलब्ध होगी, विकास कार्यों को शीघ्र प्रस्तावित किया जाएगा।

बिजली समस्या के समाधान की बात के साथ ही ललन सिंह ने राजनीतिक मुद्दों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर जिसमें उन्होंने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में चुनाव लड़ने की बात कही थी, ललन सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि किसी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने से फर्क नहीं पड़ता। जनता का विश्वास जीतना जरूरी है और कांग्रेस यह विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। अब तो सभी दल उनसे अलग हो रहे हैं।"

लालू प्रसाद यादव के बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार के लिए उनके दरवाजे खुले हैं पर भी ललन सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि लालू यादव मसखरी के लिए ही जाने जाते हैं। अपने शासनकाल में उन्होंने और राबड़ी देवी ने मसखरी के अलावा कुछ नहीं किया। उनकी बातों का कोई महत्व नहीं है।

ललन सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास चाहती है और अब कोई भ्रम में नहीं रहेगा।