दो दिवसीय शिक्षक संवर्धन कार्यशाला संपन्न
- Post By Admin on Jan 20 2025

लखीसराय : स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय सामाजिक विज्ञान शिक्षकों की क्षमता संवर्धन कार्यशाला रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। समापन सत्र का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उद्घोष से हुआ।
मुख्य अतिथि सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, बिहार प्रक्षेत्र-डी, बेगूसराय, के.के. सिन्हा ने शिक्षकों को बच्चों की जरूरतों के अनुरूप नवीनतम शिक्षण विधियों और सूचना प्रौद्योगिकी के उपकरणों के उपयोग के महत्व पर बल दिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने "नई शिक्षा नीति-2020, प्रौढ़ शिक्षा एवं जीवन प्रयत्न अध्ययन" विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के आचरण और मानसिकता को समझने तथा उनके सर्वांगीण विकास पर काम करने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन पूर्णिया से आए प्रशिक्षक अंजनी कुमार ने शिक्षकों को प्रयोगात्मक विधियों के जरिए महत्वपूर्ण जानकारी दी। भागलपुर के प्रशिक्षक मनीष कुमार ने पाठ्यक्रम को रोचक बनाने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
मिडिल और सेकेंडरी स्तर के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने में कुंदन कुमार, मनीष कुमार, नवेंदु शेखर, राममिलन कुमार, वीणा ठाकुर, जयराम झा, अमितेश कुमार पाठक, मणिंद्र कुमार मिश्रा और अंजनी कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राइमरी स्तर पर ममता पांडे, सीमा कुमारी, रजनी शर्मा, कुमारी भारती और निहाल सर्वर ने शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने कहलगांव के प्राचार्य शिबनंद मिश्रा, फारबिसगंज के प्राचार्य कैलाशपति और सभी विषय प्रशिक्षकों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और लेखनी देकर सम्मानित किया। कार्यशाला के अंत में सभी प्रशिक्षकों और शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वितरित किए गए।