पारा विधिक स्वयंसेवकों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित, 329 उम्मीदवारों ने लिया भाग

  • Post By Admin on Jan 20 2025
पारा विधिक स्वयंसेवकों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित, 329 उम्मीदवारों ने लिया भाग

दरभंगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा पारा विधिक स्वयंसेवकों के चयन हेतु रविवार को साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के अंतर्गत सदर अनुमंडल के लिए 100 स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा। जबकि बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल के लिए 50-50 स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव ने बताया कि इस पद के लिए कुल 329 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें से योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार चयन समिति द्वारा लिया गया। साक्षात्कार समिति में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी, रंजन देव (प्राधिकार सचिव) और सिविल जज जूनियर डिविजन मोहिनी कुमारी शामिल थे।

रंजन देव ने आगे बताया कि चयनित उम्मीदवारों को आगामी समय में विधिक सेवा प्रदान करने हेतु प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये स्वयंसेवक अपने समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को निःशुल्क विधिक सेवा प्रदान करेंगे।

इस चयन प्रक्रिया से ग्रामीण इलाकों में विधिक सहायता की सुविधा बढ़ेगी। जिससे गरीबों और वंचितों को त्वरित न्याय मिलने में आसानी होगी। साथ ही, ये स्वयंसेवक आम नागरिकों को जागरूक करते हुए, नालसा योजनाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेंगे।