लखीसराय : लखीसराय के सदर प्रखंड क्षेत्र के बालगुदर गांव में स्वच्दता ही सेवा अभियान के तहत जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने श्रमदान कर खाली जमीन पर बने अस्थायी कूड़ा स्थल की सफाई की। साफ-सफाई करने के बाद उन्होंने आम लोगों को संबोधित करते हुए सभी को साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया। 'उन्होंने कहा कि हमें अपने आस-पड़ोस में साफ-सफाई रखनी चाहिए। इससे वातावरण स्वच्छ रहता है।'

'स्वच्छता ही सेवा' अभियान एक महीने तक चलेगा। गौरतलब हो कि, अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में जिले के विरासत वाले पंचायत बालगुदर से स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरूआत की गई थी। इसके बाद ही लखीसराय जिले के सभी ग्राम पंचायतों में अभियान शुरू कर दिया गया हैं। उन्होंनें कहा कि बालगुदर का चयन करने का उद्देश्य यह है कि, बाहर से जिला घूमने आने वाले लोगों को ऐतिहासिक संग्रहालय जिस पंचायत में है, वहां से स्वच्छता का भी संदेश जाना चाहिए।

उन्होंनें कूड़ा उठाव के बाद उसी जगह पर शाम में चाय पार्टी करने की व्यवस्था करने को कहा ताकि फिर से ऐसे खाली जगहों पर कूड़ास्थल ना बनने पाए। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने लोगो से अपील किया कि, जो जगह गंदी है, उसकी साफ-सफाई करे और जो जगहें साफ है, उसे कभी गंदा ना होने दे।

इस दौरान जिलाधिकारी के साथ ही उप विकास आयुक्त कुन्दन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि के अलावा सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं ग्राम पंचायत मुखिया अनिल कुमार सिंह उर्फ मखरू सिंह सहित साफ-सफाई कर्मी भी बढ़-चढ़कर सहयोग करते नजर आये।